शहडोल: कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने खन्नौधी में संचालित नर्सरी का किया औचक निरीक्षण

शहडोल। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जनपद पंचायत गोहपारू के खन्नौधी में संचालित नर्सरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हॉर्टिकल्चर के अधिकारी को निर्देश दिए कि नर्सरी में आम, नींबू, कटहल सहित अन्य प्रजाति के पौधों की संख्या में वृद्धि की जाए तथा पौधों का विक्रय पंचायत के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नर्सरी में तैयार किए जाने वाले पौधों का विक्रय आसपास की ग्राम पंचायतों में किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नर्सरी परिसर में उगी घास और खरपतवार की सुचारू साफ-सफाई करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को जानकारी दी गई कि वर्तमान समय में नर्सरी में आम के 1,500 पौधे तथा नींबू और कटहल के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इस निरीक्षण के अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व काजोल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।