राज्य

शहडोल: कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू का किया औचक निरीक्षण

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शहडोल: कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू का किया औचक निरीक्षण

शहडोल। कलेक्टर पार्थ जायसवाल और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती रोगियों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने अस्पताल के स्टोर का निरीक्षण कर दवाओं एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और रख-रखाव की स्थिति देखी।

इसके साथ ही किचेन का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने एएनसी पंजीयन, आउट डोर एवं इनडोर पंजीयन संबंधी जानकारी का अवलोकन किया। अधिकारियों ने अस्पताल में संधारित किए जा रहे विभिन्न अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का अवलोकन कर रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, व्यवस्थाओं को बेहतर करने तथा मरीजों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस निरीक्षण के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, खंड चिकित्सा अधिकारी सहित चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।