राज्य

शहडोल: सांसद और कलेक्टर ने ब्यौहारी के ऐतिहासिक मऊ पुरातत्व संग्रहालय का किया निरीक्षण

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शहडोल: सांसद और कलेक्टर ने ब्यौहारी के ऐतिहासिक मऊ पुरातत्व संग्रहालय का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, स्थानीय विधायक श्री शरद कोल, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल और पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने शहडोल जिले की ब्यौहारी तहसील स्थित ऐतिहासिक मऊ पुरातत्व संग्रहालय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को संग्रहालय में संरक्षित कलचुरी कालीन (10वीं-11वीं शताब्दी) प्राचीन मूर्तियों और कलाकृतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्हें अवगत कराया गया कि इस संग्रहालय में रखी गई अधिकांश पुरातात्विक वस्तुएं और कलाकृतियां आसपास के प्राचीन और भग्न मंदिरों से संग्रहित की गई हैं। यहां भगवान विष्णु, दशावतार, भगवान शिव, कुबेर, सूर्य देव, माता गौरी और शिवलिंग सहित विभिन्न देवी-देवताओं की दुर्लभ प्रतिमाएं और अन्य पुरातात्विक अवशेष सहेज कर रखे गए हैं।

ये सभी प्रतिमाएं कलचुरी काल की उत्कृष्ट शिल्पकला और ऐतिहासिक महत्व की अमूल्य धरोहर हैं, जो उस समय की उन्नत कला एवं स्थापत्य शैली की जीवंत झलक प्रस्तुत करती हैं। यह पूरा पुरातत्व संग्रहालय और यहां संरक्षित समस्त ऐतिहासिक धरोहरें मध्य प्रदेश शासन के पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित हैं।

निरीक्षण के दौरान सभी अतिथियों ने इन अमूल्य प्राचीन धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया और उनके ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) सुश्री अर्चना मिश्रा सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि और जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।