शहीद भगत सिंह की 118वीं जयंती पर अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय में अर्पित की श्रद्धांजलि
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ऐतिहासिक जेल कक्ष में पहुंचकर शहीद भगत सिंह के साहस, विचारों और राष्ट्र समर्पण को किया नमन
सितंबर 28, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती के अवसर पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय के वाइसरीगल लॉज स्थित ऐतिहासिक जेल कक्ष में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर भगत सिंह के चित्र के समक्ष नमन किया और उनके अदम्य साहस तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने ऐतिहासिक जेल कक्ष में संरक्षित वस्तुओं का अवलोकन भी किया। इनमें पारंपरिक बुनी हुई चारपाई और भगत सिंह के जीवन, संघर्ष एवं विचारों से संबंधित साहित्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह केवल अद्वितीय साहस वाले क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि गहरे चिंतन और बौद्धिक दृष्टि वाले युवा राष्ट्रनायक थे।
उनके विचार आज भी युवाओं को प्रेरणा देते हैं। भगत सिंह का संघर्ष केवल स्वतंत्रता प्राप्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने देश के युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और कर्तव्यबोध जगाने का कार्य किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भगत सिंह के साहस, बौद्धिक क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कैप्शन: वाइसरीगल लॉज स्थित ऐतिहासिक जेल कक्ष में पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
शहीद भगत सिंह की 118वीं जयंती पर अनुराग सिंह ठाकुर की श्रद्धांजलि हमें यह याद दिलाती है कि साहस और विचारों की शक्ति से समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। जब भी किसी विवाद का सामना हो, शांतिपूर्ण संवाद और कानूनी मार्ग अपनाएँ; हिंसा से कभी समाधान नहीं मिलता। हमें अपने भीतर की ज्वाला को जागृत रखकर, देशभक्ति और सहिष्णुता के मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।