शाजापुर : युवा संगम रोजगार मेले को लेकर मो. बड़ोदिया में कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित

युवा संगम रोजगार मेले को लेकर मो. बड़ोदिया में कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित शाजापुर : कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशानुसार मोहन बड़ोदिया में युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन आगामी 03 सितंबर 2026 को किया जायेगा।
मेले में स्थानीय युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज संदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहन बड़ोदिया में कॅरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि कॅरियर काउंसलिंग में विषय विशेषज्ञ एवं काउंसलर द्वारा विद्यार्थियों एवं युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी गई।
साथ ही 03 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार अप्रेन्टिसशिप मेले में अपने क्षेत्र के इच्छुक युवाओं की सहभागिता के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं से मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर युवाओं को रोजगार मेले में पंजीयन, रोजगार के संभावित अवसरों तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध मार्गदर्शन के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
रोजगार मेले के लिए स्थानीय शासकीय महाविद्यालय मोहन बड़ोदिया, जनपद पंचायत मोहन बड़ोदिया, ग्राम पंचायत मोहन बड़ोदिया तथा आईटीआई मोहन बड़ोदिया से संपर्क एवं समन्वय कर इछुक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य श्री बाबूलाल पाटीदार, करियर काउंसलिंग प्रभारी श्री बीएल गुवाटिया, ग्रामीण आजीविका मिशन जिला प्रबंधक श्री बलवंतराव शितोले, विषय विशेषज्ञ श्री सज्जाद अहमद कुरैशी एवं काउंसलर श्री मयंक श्रीवास्तव, श्री राधेश्याम लववंशी, श्री गुलाब सिंह सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित था।