शक्ति दिवस पर एनीमिया की स्क्रीनिंग, मिला उपचार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर द्वितीय में बच्चों, किशोरियों और महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया का उपचार किया गया। आयरन की गोलियां बांटकर पोषणयुक्त आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जयपुर, 1 सितम्बर। जिले में आज शक्ति दिवस आयोजित किया गया।
इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की एनीमिया की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हीमोग्लोबिन की जांच करने के साथ एनीमिया से प्रभावित लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया और आयरन की गोलियों का वितरण किया।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि शक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की दर को कम करना है। इसके तहत नियमित रूप से एनीमिया की पहचान, हीमोग्लोबिन जांच और उपचार की गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
शक्ति दिवस के दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने एनीमिया से बचाव और उपचार के साथ आयरन युक्त एवं पोषणयुक्त आहार लेने के लिए भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों को भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, मौसमी फल तथा अन्य पोषक खाद्य पदार्थ शामिल करने की जानकारी दी गई। साथ ही पोषण माह के तहत संतुलित और पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में बताया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
साफ-सफाई रखने, स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ ने बताया कि राजस्थान को एनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से प्रत्येक माह के मंगलवार को शक्ति दिवस के रूप में आयोजित करता है।
इस दौरान एनीमिया की जांच, उपचार, आयरन-फोलिक एसिड की उपलब्धता और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाता है।