शामली में सोते समय विवाहिता की हत्या:देवर ने फावड़े की मूठ से सिर पर किया वार, आरोपी फरार; एसपी ने गिरफ्तारी के निर्देश दिए
शामली के कांधला कस्बे में शुक्रवार को एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते देवर ने सोते समय भाभी के सिर पर फावड़े की मूठ से हमला किया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय गुल्लो के रूप में हुई है। करीब छह साल पहले उसकी शादी कांधला के मोहल्ला खेल निवासी हामिद के बेटे उमर से हुई थी। उमर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। दंपती के दो बच्चे हैं। इनमें एक की उम्र करीब तीन वर्ष और दूसरे की करीब डेढ़ वर्ष है।
मृतका के जीजा शहनवाज ने आरोप लगाया कि गुल्लो की हत्या उसके देवर आसिफ ने की है। परिजनों के मुताबिक, गुल्लो घर में सो रही थी। इसी दौरान आसिफ ने फावड़े की मूठ से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी परिवार में विवाद हुआ था।
उस समय आरोपी फावड़ा लेकर उनके पीछे तक दौड़ा था। तब गुल्लो ने परिवार के लोगों को समझाते हुए कहा था कि यह उनके घर का मामला है और सभी अपने घर चले जाएं। इसके बाद परिवार के लोग वहां से चले गए थे। बाद में परिवार के स्तर पर विवाद को शांत कर समझौता कर लिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि समझौते के बावजूद विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। शुक्रवार को आरोपी ने गुल्लो पर हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद मोहल्ले में मचा हड़कंप घर के अंदर महिला की हत्या की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल फावड़े को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजन बोले- आरोपी का एनकाउंटर हो, घर पर बुलडोजर चले हत्या से आक्रोशित परिजन देर रात कांधला थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपी के एनकाउंटर और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।
परिजनों का कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी की समीक्षा की मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह देर रात कांधला थाने पहुंचे।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। एसपी ने बताया कि विवाहिता की हत्या का आरोपी उसका देवर आसिफ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सनकी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।
उसके बारे में यह भी जानकारी सामने आई है कि वह पूर्व में बागपत जिले में एक हत्या के मामले में आरोपी रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पहले मेरठ जेल से भी छूट चुका है। एसपी ने पुलिस टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और रिश्तेदारों व परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया गुल्लो की हत्या के बाद उसके दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। बड़ा बच्चा करीब तीन वर्ष और छोटा महज डेढ़ वर्ष का है।
मां की मौत के बाद दोनों बच्चों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई हत्या से मायके और ससुराल पक्ष के लोग सदमे में हैं। घटना के बाद मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की जाएगी। इसके बाद हत्या की वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io