शासकीय हाई स्कूल नरवर में वन स्टॉप सेंटर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम के दौरान छात्र- छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के प्रति होने वाले लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, उनके अधिकारों एवं किसी भी प्रकार की अनुचित घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी गई।
साथ ही किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वस्थ व्यवहार तथा आवश्यक सावधानियों से संबंधित विषयों पर भी संवाद किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को बताया गया कि संकट की स्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन एवं विभिन्न सेवाओं से जोड़ा जा सकता है।
विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या या घटना को विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित सहायता तंत्र तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
जागरूकता गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाने का संदेश दिया गया।