खेल

शेखावाटी को यमुना जल के साथ किशाऊ परियोजना का पानी भी मिलेगा : मुख्यमंत्री, सीकर में 1278 करोड़ के 83 विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शेखावाटी को यमुना जल के साथ किशाऊ परियोजना का पानी भी मिलेगा : मुख्यमंत्री, सीकर में 1278 करोड़ के 83 विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण

जयपुर, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की जरूरी आवश्यकताओं का रोड़ मैप बनाकर पानी, बिजली, रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 अन्तर्राज्यीय जल समझौते हुए हैं, जिनमें चार राजस्थान से जुड़े हैं।

प्रदेश में यमुना जल समझौता दशकों से लंबित था। अब शेखावाटी को यमुना जल के साथ किशाऊ परियोजना का पानी भी मिलेगा। इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी के चमड़िया कॉलेज खेल मैदान में जन सेवा से देश सेवा अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों के 1277 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 83 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने चूरू जिले के राजगढ़ के धनौती में हंसियावास जलाशय परिसर के कृत्रिम जलाशय का शिलान्यास कर शेखावाटी क्षेत्र को यमुना जल की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी वीरों, विद्वानों और स्वाभिमानियों की भूमि है। क्षेत्र की शिक्षा, कला और उद्योग के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान है। शेखावाटी की 662 हवेलियों के संरक्षण के लिए सरकार काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत, विकसित राजस्थान के साथ विकसित शेखावाटी बनाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं से गरीब कल्याण की योजनाओं को जन—जन तक पहुंचाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले ढाई साल में बिजली उत्पादन क्षमता में 12 हजार मेगावाट का विस्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान अब बिजली लेने के बजाय दूसरे राज्यों को बिजली देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को छह लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा की थी और अब तक एक लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

शुक्रवार को पांच हजार युवाओं को और नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने पेपर लीक के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ढाई साल में कोई पेपर लीक नहीं हुआ। सभा में मुख्यमंत्री ने शेखावाटी क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया और विकसित राजस्थान के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नाथ संप्रदाय की पीठ के प्रमुख संत नरहरि नाथ के यहां पहुंचे और आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, विधायक गोरधन वर्मा, हरलाल सहारण, राजेन्द्र भाम्बू, विक्रम जाखल, जेठानंद व्यास, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री श्याम बाबा मंदिर में पूजा—अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना मांगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।