शिक्षा मंत्री ने किया 'सर्वोदय ज्ञान कुंभ' का शुभारंभ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल/मंडीदीप | प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास तथा विद्यालयों में स्वस्थ शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित "सर्वोदय ज्ञान कुंभ : प्रतिभा सम्मान एवं स्कूल रैंकिंग चैंपियनशिप" का शुभारंभ मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन कर किया।
इस अवसर पर देश की अग्रणी "सर्वोदय सामाजिक संस्था" के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की रूपरेखा से शिक्षा मंत्री को अवगत कराया। शिक्षा मंत्री ने संस्था के इस नवाचारपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं परीक्षा प्रणाली से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओएमआर आधारित परीक्षा प्रणाली विद्यार्थियों में समय प्रबंधन, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वहीं संस्थाध्यक्ष - पंकज जैन "प्रखर" ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और राष्ट्र निर्माण का आधार है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देते हैं।