मनोरंजन

शिक्षक सम्मान समारोह, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 8 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिक्षक सम्मान समारोह, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

मुख्य अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर एवं डायरेक्टर श्रीमती मंजू गौतम ने शिक्षकों के योगदान को बताया जीवन की प्रगति का मार्गदर्शक

भोपाल। सतनामी नगर, सोनागिरी स्थित शांति सरोवर हाई स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर एवं डायरेक्टर श्रीमती मंजू गौतम तथा समिति की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी त्रिपाठी रहीं।

स्कूल संचालक वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संस्था में कार्यरत समस्त स्टाफ सहित 21 लोगों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं भोपाल उत्सव मेला समिति की ओर से उपलब्ध कराए गए 100 स्कूली बैग संस्था में अध्ययनरत बच्चों को मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू गौतम द्वारा वितरित किए गए।

राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने मोहा मन

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने अनेक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छोटे-छोटे बच्चे राधा और श्रीकृष्ण की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। मटकी फोड़ आयोजन में नितेश मिश्रा ने मटकी फोड़कर उत्सव का उल्लास बढ़ाया।

शिक्षकों का योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण : मंजू गौतम

मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू गौतम ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का कार्य करते हैं। वे बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाकर उनकी प्रगति का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन मिलना उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना सराहनीय प्रयास है।

आयोजन में स्टाफ एवं अभिभावकों की रही सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन नेहा त्रिपाठी मिश्रा एवं आस्था विश्वकर्मा ने किया। बच्चों को तैयार करने एवं उन्हें प्रेरित करने में श्रीमती नेहा त्रिपाठी मिश्रा, श्रीमती सीता सिंह, श्रीमती प्रीतिवाला श्रीवास्तव एवं श्रीमती सुनीता लिखितकर का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम की रूपरेखा श्रीमती शहनाज बानो, श्रीमती सुधा कपूर, मनोज जरिया, श्रीमती शशि झरिया एवं श्रीमती गोपाल गौर द्वारा तैयार की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार नितेश मिश्रा ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर अमित गौर, आर्यांश मिश्रा, तनवी कालभोर, पंकज चन्द्रवंशी, आरती सिंह, सिमरन ग्वाला, दीप्ति सिंह, श्रीमती गायत्री द्विवेदी, आर्य मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।