खेल

शिमला में 13वीं एमटीबी साइकिल रैली का आगाज, 20 शहरों के 72 साइक्लिस्ट दिखा रहे दम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिमला में 13वीं एमटीबी साइकिल रैली का आगाज, 20 शहरों के 72 साइक्लिस्ट दिखा रहे दम

अक्तूबर 24, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश में माउंटेन बाइकिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13वीं एमटीबी साइकिल रैली का शुक्रवार को ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला से आगाज हुआ। हिमाचल प्रदेश के कार्यकारी मुख्य सचिव के.के. पंत ने हरी झंडी दिखाकर साइकिलिस्टों को रवाना किया।

तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 20 अलग-अलग शहरों से पहुंचे 72 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 11 साल के सबसे युवा साइक्लिस्ट से लेकर 68 साल तक के प्रतिभागी शामिल हैं। नीदरलैंड से आए दो साइक्लिस्ट भी इस आयोजन का हिस्सा बने हैं। दो दिनों में 120 किलोमीटर का रूट तय किया जाएगा। इस दौरान साइक्लिस्ट शिमला, कुफरी और चायल की तीन वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी से होकर गुजरने वाले खूबसूरत और चुनौतीपूर्ण वन मार्गों पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

प्रतियोगिता छह अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। कार्यकारी मुख्य सचिव केके पंत ने कहा कि माउंटेन बाइकिंग हिमाचल सरकार के ग्रीन और टूरिज्म फ्रेंडली प्रदेश के विजन के अनुरूप है। हिमाचल में एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी भूभाग और चुनौतीपूर्ण रास्ते माउंटेन बाइकिंग के लिए बेहद अनुकूल हैं।

हिमाचल और पूरे हिमालयी क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिहाज से यूरोप से कम संभावनाएं नहीं हैं। के. के. पंत ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के लिए उन्हें खेल, संगीत और अन्य सकारात्मक गतिविधियों के अवसर देने जरूरी हैं। एमटीबी13 के आयोजक मोहित सूद ने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य हिमाचल में साइकिलिंग टूरिज्म की संभावनाओं को बढ़ावा देना और बच्चों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

आज के दौर में युवा नशे और बच्चे मोबाइल की लत की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में साइकिलिंग, रनिंग और वॉकथॉन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। वहीं प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे सबसे कम उम्र और सबसे अधिक आयु के प्रतिभागी ने बताया कि वह इसको लेकर काफी उत्साहित है आज के दौर में इस तरह की प्रतियोगिताओं में युवाओं के साथ-साथ उम्रदराज लोगों को भी हिस्सा लेना चाहिए ताकि शरीर पूरी तरह से स्वस्थ रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।