देश

शिमला में एनसीबी जोनल कार्यालय के लिए जल्द भूमि उपलब्ध करवाने का आश्वासन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिमला में एनसीबी जोनल कार्यालय के लिए जल्द भूमि उपलब्ध करवाने का आश्वासन

गृह मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक एवं एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक ने उपायुक्त से की शिष्टाचार भेंट

सितंबर 18, शिमला (हिमाचल प्रदेश): गृह मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक राज कुमार एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक अमनजीत सिंह ने आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज कुमार एवं अमनजीत सिंह ने उपायुक्त को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गृह मंत्रालय एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को जिला शिमला में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन की भागीदारी से जन-जागरूकता गतिविधियों को और व्यापक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के लगभग सभी अधिकारियों ने स्कूल गोद लिए हुए हैं जहां वह समय-समय पर जा कर छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं।

एनसीबी के अधिकारियों ने शिमला में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जोनल कार्यालय स्थापित करने के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान को जिला में व्यापक स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए गृह मंत्रालय एवं एनसीबी को जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा तथा पीआईबी चण्डीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान भी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।