राज्य

शिवडोला चल समारोह के मार्ग का डीआईजी सिमाला प्रसाद और एसपी रविन्द्र वर्मा ने किया निरीक्षण

लेखक: Lala Jamalkar अंतिम अपडेट: 26 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिवडोला चल समारोह के मार्ग का डीआईजी सिमाला प्रसाद और एसपी रविन्द्र वर्मा ने किया निरीक्षण

संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का लिया जायजा; सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी को लेकर दिए निर्देश

खरगोन। आगामी 30 अगस्त 2026 को खरगोन शहर में प्रस्तावित शिवडोला चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक, निमाड़ रेंज खरगोन सुश्री सिमाला प्रसाद और पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने शिवडोला चल समारोह के प्रस्तावित मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद को प्रस्तावित मार्ग, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी।

अधिकारियों ने मार्ग में आने वाले संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा

अधिकारियों ने शिवडोला मार्ग पर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आयोजन के दौरान भीड़ के व्यवस्थित आवागमन और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी सिमाला प्रसाद ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल, एसडीओपी खरगोन और थाना प्रभारी कोतवाली खरगोन को कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों से शिवडोला चल समारोह के आयोजकों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क और मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने तथा कानून व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने और शिवडोला पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण

रूट निरीक्षण के बाद डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद और एसपी श्री रविन्द्र वर्मा ने पुलिस सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। यहां शिवडोला के प्रस्तावित मार्ग पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और कवरेज की जांच की गई।

अधिकारियों ने आवश्यकता के अनुसार कैमरों के माध्यम से शिवडोला मार्ग की लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य चल समारोह के दौरान प्रमुख स्थानों पर गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना है।

निरीक्षण के दौरान अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल, एसडीओपी खरगोन श्री सौरभ तोमर, थाना प्रभारी कोतवाली श्री बी.एल. मंडलोई, थाना प्रभारी यातायात श्री रमेश सोलंकी, रक्षित निरीक्षक श्री सोनू वर्मा, प्रभारी डीएसबी श्री सुखदेव मुजालदे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

L
Lala Jamalkar

लाला जमालकर खरगोन के वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं। लंबे समय से क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने ला रहे हैं। उनका अनुभव और जमीनी पत्रकारिता महत्वपूर्ण है।