शिवालयों में उमड़ी भीड़, 20 हजार ने किया जलाभिषेक:देवरिया में सावन के चौथे सोमवार पर एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
देवरिया में सावन के चौथे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
रुद्रपुर स्थित प्रसिद्ध दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में तड़के करीब दो बजे से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। बरहज के सरयू घाट से कांवड़ में जल लेकर पहुंचे भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट सुबह करीब तीन बजे खोल दिए गए।
सुबह तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, सुबह तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया, और शाम तक यह संख्या 50 हजार से अधिक पहुंचने की उम्मीद है। देवरिया शहर के सोमनाथ मंदिर, कचहरी शिवालय और हाईडिल कॉलोनी शिवालय में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
यहां श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित किए। मझौलीराज के दीर्घेश्वरनाथ मंदिर और महेन स्थित महेंद्रनाथ मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर.
शंकर ने महेंद्रनाथ और दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्गों, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। एसपी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
📡 स्रोत: NewsData.io