शिवपुरी में 10 फीट का अजगर खेत में मिलाः नीलगाय के बच्चे का किया शिकार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिवपुरी जिले के खनियाधाना कस्बे से करीब 3 किलोमीटर दूर पनिहारा गांव में खेत में 10 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में डर का माहौल रहा। अजगर कई दिनों से इलाके में दिखाई दे रहा था। बुधवार को यह उत्तम सिंह यादव के खेत में एक चट्टान के नीचे छिपा मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और सर्पमित्र महावीर जैन की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकालकर पकड़ लिया गया। बाद में उसे पास के एक डेम में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
चट्टान के नीचे छिपा था अजगर
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले अजगर के छिपने की जगह का पता लगाया। अजगर चट्टान के नीचे छिपा हुआ था, जिसे बाहर निकालने में टीम को काफी मेहनत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कोशिश के बाद सावधानी से अजगर को चट्टान के नीचे से बाहर निकाला गया और सुरक्षित पकड़ लिया गया।
नीलगाय के बच्चे का शिकार करने की बात
ग्रामीणों के अनुसार अजगर इलाके में एक नीलगाय के बच्चे का शिकार भी कर चुका था।
इसी वजह से गांव वालों में उसे लेकर ज्यादा डर बना हुआ था। खेत में अजगर की मौजूदगी के कारण खेती का काम भी प्रभावित हो रहा था और किसान खेत पर जाने से डर रहे थे।
सर्पमित्र और वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
सर्पमित्र महावीर जैन ने वन विभाग की टीम और अपने साथी शैलेंद्र जैन, कुलदीप और राहुल के साथ मिलकर अजगर का रेस्क्यू किया। टीम ने सावधानी बरतते हुए उसे पकड़ने की कार्रवाई पूरी की। अजगर करीब 10 फीट लंबा बताया गया है।
डेम में सुरक्षित छोड़ा गया
अजगर को पकड़ने के बाद उसे पास के एक डेम में सुरक्षित छोड़ दिया गया। अजगर के खेत से निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गांव वालों का कहना था कि खेत और आसपास इतने बड़े अजगर की मौजूदगी से किसी अनहोनी का डर बना हुआ था।