शिवपुरी में अशोभनीय टिप्पणी पर सर्व समाज का प्रदर्शन: आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस ने 5 दिन का आश्वासन दिया, देखें वीडियो

शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में सोमवार को सर्व समाज के लोगों ने कथित अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी पर महिलाओं और एक विशेष समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है।
प्रदर्शनकारी करेरा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा। सर्व समाज ने आरोपी की गिरफ्तारी सहित पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।
ऑडियो कॉल में अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आजाद लोधी ने एक ऑडियो कॉल के माध्यम से माताओं-बहनों और समाज विशेष के प्रति अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। उन पर जाटव समाज के एक व्यक्ति को धमकाने का भी आरोप है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह की भाषा से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
सर्व समाज ने रखीं पांच मांगें
सर्व समाज ने पुलिस को सौंपे ज्ञापन में आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, गिरफ्तारी के बाद जुलूस निकालने, उसका नाम गुंडा सूची में शामिल करने, एनएसए के तहत कार्रवाई करने और जिला बदर करने की मांग की है।
पहले भी एफआईआर दर्ज होने का दावा
राजेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी आजाद लोधी के खिलाफ पहले भी कई एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इसी मामले को लेकर सर्व समाज ने एकजुट होकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पांच दिन में कार्रवाई का आश्वासन
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें पांच दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सर्व समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। थाना प्रभारी विनोद छावई ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन स्वीकार किया।
उन्होंने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।