शिवपुरी में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, फिर शुरू हुई कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की कवायद, ठेला दुकानदारों को दी समझाइश, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था और बाजार में बढ़ते अस्थाई अतिक्रमण को व्यवस्थित करने के लिए एक बार फिर कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की कवायद शुरू हो गई है। मंगलवार को यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड सहित शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर अस्थाई अतिक्रमण चिन्हित किए और ठेला दुकानदारों को समझाइश दी।
संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक, पुराना बस स्टैंड और गुरुद्वारा चौक पर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान तय किया गया कि कोर्ट रोड पर लगने वाले हाथ ठेलों को ठंडी सड़क पर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं कोर्ट रोड से टेकरी की ओर जाने वाले रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।
गांधी चौक क्षेत्र में लगे पटवाओं को कोर्ट रोड सब्जी मंडी के पास शिफ्ट करने की तैयारी है। वहीं मुख्य बाजार कोर्ट रोड पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की योजना है। इन वाहनों के लिए पुराना बस स्टैंड स्थित राज पैलेस होटल के सामने पार्किंग निर्धारित की गई है।
इसके अलावा माधव चौक पर जूस और मिठाई दुकानों के सामने मार्किंग एवं बैरिकेडिंग की जाएगी। निर्धारित सीमा के बाहर वाहन खड़े करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल चौराहे से माधव चौक, पुराना बस स्टैंड तक तथा गुरुद्वारा चौक से मीट मार्केट तक मौजूद अस्थाई अतिक्रमण को भी हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
अब देखना होगा कि कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाने की यह कवायद इस बार कितनी प्रभावी साबित होती है, क्योंकि इससे पहले भी शहर में इस तरह की व्यवस्थाओं को लेकर प्रयास किए जा चुके हैं।