राज्य

शिवपुरी के बैराड़ में मकान पर गिरी आकाशीय बिजली: वायरिंग समेत बिजली के उपकरण जले; 70 हजार से ज्यादा का नुकसान, मां-बेटे को लगा करंट

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिवपुरी के बैराड़ में मकान पर गिरी आकाशीय बिजली: वायरिंग समेत बिजली के उपकरण जले; 70 हजार से ज्यादा का नुकसान, मां-बेटे को लगा करंट

शिवपुरी जिले में तीन दिन की धूप के बाद शुक्रवार को मौसम फिर बदला। दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसी दौरान बैराड़ के वार्ड क्रमांक 11 में शाखा स्कूल के पास हेमंत यादव के मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से घर की पूरी वायरिंग जल गई और कई बिजली के उपकरण खराब हो गए। परिवार ने 70 हजार रुपए से ज्यादा का नुकसान बताया है।

दूसरी मंजिल पर गिरी बिजली, घर के उपकरण जले

हेमंत यादव के मुताबिक, शुक्रवार शाम अचानक तेज कड़कड़ाहट के साथ उनके मकान की दूसरी मंजिल पर बिजली गिरी। इसके बाद पूरे घर की वायरिंग में आग लगने जैसी स्थिति बन गई। स्विच बोर्ड सहित घर में लगे 8 पंखे, 2 कूलर, करीब 28 लाइटें, एलईडी, ट्यूब लाइट और चार्जर समेत कई उपकरण खराब हो गए।

बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद की। हादसे के बाद घर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

पत्नी और 5 साल के बेटे को लगा झटका

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हेमंत यादव की पत्नी सुरक्षा यादव और 5 साल के बेटे वंशू को भी बिजली का झटका लगा। वंशू के पैर में चोट आई है। हालांकि हादसे में कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।

हेमंत यादव खुर्रका में सचिव के पद पर तैनात हैं। परिवार के अनुसार, बिजली गिरने से हुए नुकसान का आंकड़ा 70 हजार रुपए से अधिक है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं