शिवपुरी में जाम से निपटने के लिए अतिक्रमण पर कार्रवाई: कोर्ट रोड बनेगा नो-हॉकर जोन, सामान दुकान के अंदर रखने के निर्देश, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →शिवपुरी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सोमवार को नगर पालिका और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। कोर्ट रोड, टेकरी पार्किंग स्थल, मंडी क्षेत्र और पड़वा चौराहे के आसपास सड़क और पार्किंग पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई से पहले मुनादी कर दुकानदारों और ठेला संचालकों को समझाइश दी गई थी। फिलहाल किसी का चालान नहीं काटा गया है।
पार्किंग की जगह पर लगाई थीं अस्थाई दुकानें
नगर पालिका एसआई योगेश शर्मा ने बताया कि सुबह-शाम ठेले सड़क तक आने से यातायात प्रभावित हो रहा था। कोर्ट रोड और टेकरी क्षेत्र में कुछ लोगों ने अस्थाई कपड़ों की दुकानें लगाकर पार्किंग की जगह भी घेर रखी थी। टीम ने इन्हें हटाकर पार्किंग स्थल खाली कराया।
प्रशासन की योजना कोर्ट रोड को 'नो हॉकर-नो ठेला जोन' बनाने की है। नई मंडी शुरू होने के बाद ठेला संचालकों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित किया जाएगा। दुकानदारों को दुकान की निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर दुकान के बाहर ठेला लगाने या सामान फैलाने की अनुमति नहीं होगी।
एसआई योगेश शर्मा ने बताया कि अभी लोगों को समझाइश दी गई है। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर चालान के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।