शिवपुरी के करैरा के बगीचा सरकार की संपत्ति को लेकर विवाद, श्रीमहंत ने कलेक्टर से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →शिवपुरी। करैरा स्थित बाबा के बाग ( बगीचा सरकार) की संपत्ति और मंदिरों पर आधिपत्य को लेकर विवाद सामने आया है। बाबा के बाग के श्रीमहंत ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर कांग्रेस नेता रवि गोयल पर कथित रूप से संपत्ति पर कब्जे का प्रयास करने, मंदिर परिसर में अपने समर्थकों के नाम की पट्टिकाएं लगाने तथा महंत और उनके शिष्यों को धमकाने के आरोप लगाए हैं।
कलेक्टर को दिए आवेदन में श्रीमहंत ने बताया कि वे बाबा के बाग (बगीचा सरकार) में हनुमान जी की सेवा-पूजा करते हैं और अपने शिष्यों के साथ धार्मिक गतिविधियां संचालित करते हैं। आरोप है कि रवि गोयल द्वारा बाबा के बाग परिसर की संपत्ति को निजी संपत्ति बनाने और बगीचा, कथा मैदान व मंदिरों पर अपना आधिपत्य स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रवि गोयल और उनके साथ रहने वाले कुछ लोगों द्वारा महंत, उनके शिष्यों तथा बाबा के बाग में आने वाले भक्तों को परेशान किया जाता है और बगीचे से हटने की धमकी दी जाती है। श्रीमहंत ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके शिष्यों को जान से मारने की धमकियां भी दी गई हैं।
श्रीमहंत ने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके या उनके शिष्यों के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने किसी भी घटना की स्थिति में रवि गोयल को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन में कार्रवाई नहीं होने पर पंचदशनाम आवाहन अखाड़े के शिष्यों के साथ कलेक्टर कार्यालय में अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।