राज्य

शिवपुरी के कोलारस से सरकारी कचरा गाड़ी चोरी: टोल प्लाजा तक पहुंचा ट्रिपर, CCTV में संदिग्ध कैद; FIR की मांग

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

शिवपुरी जिले के कोलारस में नगर परिषद कार्यालय परिसर से कचरा उठाने वाली सरकारी टाटा ट्रिपर गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुई गाड़ी रात में रेलवे स्टेशन रोड की तरफ जाती दिखाई दी। इसके बाद इसे पूरनखेड़ी टोल प्लाजा से गुजरते हुए भी देखा गया। टोल प्लाजा के CCTV फुटेज में गाड़ी ले जाता एक संदिग्ध नजर आया है।

नगर परिषद ने पुलिस को पत्र देकर FIR दर्ज कर गाड़ी बरामद करने की मांग की है।

देखें वीडियो

रात 9:30 बजे कार्यालय परिसर से गायब हुई गाड़ी जानकारी के अनुसार, नगर परिषद कोलारस की टाटा ट्रिपर कचरा गाड़ी क्रमांक MP33L2598 को 31 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे नगर परिषद कार्यालय के नीचे से चोरी कर लिया गया। कर्मचारियों को जब गाड़ी के गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने आसपास के मार्गों पर उसकी तलाश शुरू की।

स्टेशन रोड से होते हुए टोल प्लाजा पहुंची नगर परिषद की ओर से पुलिस को दिए गए पत्र में बताया गया है कि रात करीब 9:40 बजे गाड़ी रेलवे स्टेशन रोड की ओर जाती हुई दिखाई दी थी। इसके कुछ देर बाद करीब 10 बजे नगर परिषद के एक कर्मचारी ने इसी गाड़ी को पूरनखेड़ी टोल प्लाजा से गुजरते हुए देखा।

टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में भी चोरी की गई कचरा गाड़ी के गुजरने की जानकारी सामने आई है। फुटेज में वाहन ले जाता एक संदिग्ध भी नजर आया है। CMO ने पुलिस से की FIR की मांग

नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कोलारस थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और चोरी हुई सरकारी कचरा गाड़ी को तलाशकर बरामद करने की मांग की है। पुलिस अब CCTV फुटेज और गाड़ी के गुजरने वाले मार्गों की जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान और वाहन की तलाश में जुटी है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं