अपराध

शिवपुरी में प्राचार्य की टेबल से मिली 14 पुड़िया स्मैकः कृषि प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य निलंबित, NDPS एक्ट में केस दर्ज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिवपुरी में प्राचार्य की टेबल से मिली 14 पुड़िया स्मैकः कृषि प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य निलंबित, NDPS एक्ट में केस दर्ज

शिवपुरी में शासकीय कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य लक्ष्मीनारायण चौरसिया को निलंबित कर दिया गया है। उनकी टेबल की दराज से 14 पुड़िया स्मैक मिलने के मामले में विभाग ने यह कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद विभागम प्राचार्य के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया।

टेबल की दराज से मिलीं 14 पुड़िया

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को सूचना मिली थी कि कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र में स्मैक की पुड़िया रखी हुई हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम केंद्र पहुंची और प्राचार्य के कमरे की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान प्राचार्य की टेबल की दराज में सफेद पॉलिथीन के अंदर कागज की 14 पुड़िया मिलीं। पुलिस ने मौके पर तौल कांटा बुलाकर पुड़ियों में रखे भूरे रंग के पाउडर का वजन कराया। इसका कुल वजन 1.66 ग्राम बताया गया। पुलिस ने पदार्थ को स्मैक बताते हुए जब्त किया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से मना किया

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान प्राचार्य लक्ष्मीनारायण चौरसिया ने पंचनामा, जब्ती पत्र और नोटिस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में भी अलग पंचनामा तैयार किया।

कोतवाली पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभागीय कार्रवाई के तहत अब प्राचार्य को निलंबित किया गया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।