शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 8 पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ कथित हथियार तस्कर गिरफ्तार, 3.50 लाख का माल जब्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सिरसौद पुलिस और हिम्मतपुर चौकी की संयुक्त कार्रवाई, सेंधवा से दतिया ले जाने की बात सामने आई
शिवपुरी। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिरसौद थाना और हिम्मतपुर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने जब्त हथियारों और कारतूस की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार (20), निवासी ग्राम छता, थाना बड़ोनी, जिला दतिया के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से बरामद सभी पिस्टल 32 बोर की बताई गई हैं। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर सिरसौद थाने में अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हथियार सेंधवा, जिला बड़वानी से लेकर दतिया जा रहा था। पूछताछ में उसके द्वारा रास्ते में नींद लगने के कारण श्योपुर पहुंचने और वहां से शिवपुरी की ओर आने की जानकारी दी गई। हालांकि पुलिस अब हथियारों के वास्तविक स्रोत और इन्हें दतिया में किसे सौंपा जाना था, इसकी जांच कर रही है।
एक साथ 8 पिस्टल और 10 कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त और संभावित सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले भी हथियारों की तस्करी में शामिल रहा है या नहीं और उसके संपर्क में इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में की गई। एएसपी आरडी प्रजापति, एसडीओपी पोहरी आनंद राय और एसडीओपी पिछोर प्रमोद कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में सिरसौद थाना एवं हिम्मतपुर चौकी पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।