अपराध

शिवपुरी में युवक की संदिग्ध हालत में मौतः परिजन बोले- पत्नी के प्रेमी ने मारपीट की, जहर दिया; इलाज के दौरान तोड़ा दम

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शिवपुरी में युवक की संदिग्ध हालत में मौतः परिजन बोले- पत्नी के प्रेमी ने मारपीट की, जहर दिया; इलाज के दौरान तोड़ा दम

शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के महरौली गांव में 30 वर्षीय अरविंद वंशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसकी पत्नी के पूर्व प्रेमी ब्रजेश पुरी गोस्वामी पर जहर देने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर अरविंद को खनियाधाना से शिवपुरी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के पिता राय सिंह वंशकार के अनुसार, करीब एक साल पहले अरविंद की पत्नी सपना का गांव के ही ब्रजेश पुरी गोस्वामी से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई थी। करीब तीन महीने पहले ब्रजेश सपना को अपने साथ ले गया था। उस समय सपना अपने तीन बच्चों को घर पर छोड़कर गई थी।

परिजनों ने इस संबंध में मायापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में सपना घर लौट आई। इसके बाद समाज और ग्रामीणों की पंचायत बुलाई गई। इसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। पंचायत में तय हुआ था कि ब्रजेश और सपना भविष्य में एक-दूसरे से कोई संबंध नहीं रखेंगे। कुछ समय तक मामला शांत रहा।

प्रेमी ने अरविंद के खिलाफ पुलिस ने की थी शिकायत

परिजनों के मुताबिक, कुछ दिनों से ब्रजेश दोबारा अरविंद को धमका रहा था। रविवार को ब्रजेश ने अरविंद के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अरविंद की मुर्गे की दुकान से निकलने वाली गंदगी ब्रजेश के घर के सामने फेंकी जाती है। शिकायत के बाद रविवार सुबह पुलिस अरविंद के घर पहुंची। उससे पूछताछ की।

पुलिस ने उसे थाने आने के लिए कहा और वहां से चली गई।

रेस्टहाउस के पास रोकने का आरोप

राय सिंह के मुताबिक, रविवार दोपहर अरविंद अपनी पत्नी सपना के साथ बाइक से खनियाधाना गया था। दोनों किसी रकम को गिरवी रखने के लिए साहूकार के पास गए थे। वापस लौटते समय खनियाधाना रेस्टहाउस के पास चार बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। राय सिंह के मुताबिक, दोनों वहां से बाइक लेकर निकल गए।

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद सरकारी अस्पताल के बाहर तालाब किनारे फिर उन्हें रोक लिया गया। यहां अरविंद के साथ मारपीट की गई। जब सपना उसे बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई। मुंह में जहर की गोलियां डालने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान ब्रजेश ने अरविंद को पकड़ लिया और जबरन उसके मुंह में जहर की तीन गोलियां डाल दीं। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गए। अरविंद अपनी पत्नी के साथ किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना के बारे में बताया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद अरविंद की तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजन उसे खनियाधाना अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर शिवपुरी आ रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह सामने आएगी

सोमवार को मेडिकल कॉलेज में अरविंद के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं