शिवसेना ने मध्यप्रदेश में युवासेना की मौजूदा कार्यकारिणी की गतिविधियां समाप्त कीं, नई नियुक्तियों की तैयारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नई दिल्ली में राज्य प्रमुखों और प्रभारियों की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, एकनाथ शिंदे ने संगठन को मजबूत करने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। शिवसेना के देशभर के राज्य प्रमुखों और राज्य प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेते एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में युवासेना की वर्तमान कार्यकारिणी की गतिविधियों को समाप्त करते हुए संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश में शिवसेना के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को राज्य प्रभारी सुरेश गुर्जर तथा राज्य प्रमुख राजीव चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया है।
केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा तथा धर्मवीर आनंद दिघे के आदर्शों और शिक्षाओं को आगे बढ़ाते हुए संगठन का विस्तार जन-जन तक करने का आह्वान किया है। नई नियुक्तियों के लिए मांगे जाएंगे योग्य नाम
बैठक में मध्यप्रदेश संगठन को लेकर यह भी निर्णय लिया गया कि युवासेना राज्य प्रमुख के साथ महिला आघाड़ी, कामगार सेना और अन्य संगठनात्मक दायित्वों के लिए योग्य, सक्षम तथा संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे।
केंद्रीय नेतृत्व की सहमति और आदेश के बाद ही राज्य प्रभारी एवं राज्य प्रमुख द्वारा संबंधित संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इससे मध्यप्रदेश में शिवसेना के संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से सक्रिय और मजबूत किए जाने की तैयारी है।
शिवसेना नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने का आह्वान किया है।