राज्य

शोक की घड़ी में अग्रवाल परिवारों का सहारा बनेगा अग्रवाल संघ, पहले दिन भोजन की व्यवस्था

लेखक: Neeraj Verma अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
शोक की घड़ी में अग्रवाल परिवारों का सहारा बनेगा अग्रवाल संघ, पहले दिन भोजन की व्यवस्था

2 अक्टूबर से मुरैना नगर में लागू होगी सेवा व्यवस्था, परिवार की आवश्यकता के अनुसार संघ कराएगा भोजन की व्यवस्था

मुरैना, 30 सितंबर। समाज में सेवा, सहयोग और आपसी सहभागिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में अग्रवाल संघ मुरैना ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। अब मुरैना नगर में निवासरत किसी भी अग्रवाल परिवार में किसी सदस्य के निधन की स्थिति में शोकाकुल परिवार को प्रथम दिन भोजन व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। अग्रवाल संघ परिवार की आवश्यकता के अनुसार भोजन की व्यवस्था कराएगा। यह सेवा व्यवस्था 2 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।

इस निर्णय को लेकर अग्रवाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुन्नालाल अग्रवाल तथा संरक्षक महेशचंद्र अग्रवाल एवं माताप्रसाद सिंघल के निर्देशानुसार बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और कठिन परिस्थितियों में परिवारों को सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला अध्यक्ष रामदास बंसल, महामंत्री राजेश मित्तल, सलाहकार रविकांत गोयल, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष दिलीप बंसल एवं अशोक मंगल, मंत्री माधव गोयल एवं जगदीश अग्रवाल तथा अग्रवाल संघ युवा मंडल अध्यक्ष राहुल गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि परिवार में किसी सदस्य के निधन के बाद परिजन पहले से ही मानसिक और भावनात्मक रूप से कठिन दौर से गुजर रहे होते हैं। ऐसे समय में अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के भोजन की व्यवस्था करना परिवार के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारी बन जाता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए संघ ने निर्णय लिया है कि निधन के प्रथम दिन शोकाकुल परिवार की आवश्यकता के अनुसार भोजन की व्यवस्था संघ द्वारा की जाएगी। इसका उद्देश्य परिवार की चिंता को कम करना और उन्हें अपने पारिवारिक एवं धार्मिक दायित्वों पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर देना है।

संघ द्वारा भोजन व्यवस्था किसी निर्धारित संख्या तक सीमित नहीं रखी गई है। संबंधित परिवार की आवश्यकता और परिस्थितियों के अनुसार व्यवस्था की जाएगी। संघ के पदाधिकारी परिवार से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे और उसी के अनुरूप भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

सेवा कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए रविकांत गोयल को संयोजक तथा अशोक अग्रवाल को सहसंयोजक बनाया गया है। दोनों पदाधिकारी शोकाकुल परिवार से समन्वय स्थापित कर भोजन की आवश्यकता, व्यक्तियों की संख्या तथा अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त करेंगे।

अग्रवाल संघ पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की एकता केवल बैठकों, समारोहों और सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। समाज की वास्तविक शक्ति उस समय दिखाई देती है, जब किसी परिवार पर विपत्ति आती है और समाज उसके साथ खड़ा होता है। शोक की घड़ी में परिवार की छोटी-सी चिंता को कम करना भी बड़ी सामाजिक सेवा है।

संघ ने समाज के सभी बंधुओं से इस सेवा कार्य में सहयोग और सहभागिता की अपील की है। किसी अग्रवाल परिवार में निधन की स्थिति आने पर समय रहते संघ के संबंधित पदाधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है, ताकि प्रथम दिन की भोजन व्यवस्था समय पर की जा सके।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शोकाकुल परिवार को यह विश्वास दिलाना है कि कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

संपर्क: रविकांत गोयल — 9425783520 रामदास बंसल — 9893295825

अशोक अग्रवाल — 9495734734 राजेश मित्तल — 9977858644

N
Neeraj Verma

नीरज वर्मा मुरैना के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो वॉयस ऑफ क्रांति के लिए मुरैना की राजनीति से लेकर सामाजिक समस्याओं को कवर करते हैं।