श्रमोदय विद्यालय में खाने में छिपकली मिलने से बच्चों के बीमार होने का आरोप, युवा कांग्रेस ने किया घेराव, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मेस का टेंडर दो दिन में निरस्त करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, कर्मचारियों के बकाया वेतन और सीवेज की समस्या भी उठाई
भोपाल। श्रमोदय विद्यालय में भोजन में छिपकली मिलने के बाद 13 बच्चों के बीमार होने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध जताया। तुमड़ा ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र ठाकुर और भोपाल ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर का घेराव कर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने और दो दिन के भीतर मेस का टेंडर निरस्त करने की मांग की।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मेस की लापरवाही के कारण बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए विद्यालय प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में विद्यालय परिसर के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की समस्या भी उठाई गई। इसके अलावा विद्यालय परिसर का सीवेज का पानी किसानों के खेतों में जाने की शिकायत करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर मेस का टेंडर निरस्त नहीं किया गया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन के दौरान दीपक सेन, अफजल, विकास ठाकुर, विशाल मेवाड़ा, केशव मीना, अरविंद सेन और वीरेंद्र ठाकुर सहित ग्रामीण कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।