राज्य

श्रावण मास में 53.70 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

लेखक: AIR Lucknow अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
श्रावण मास में 53.70 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि श्रावण मास के 19 दिनों में अब तक 53 लाख 69 हजार 634 श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं। सोमवार को औसतन 5 से 5.5 लाख श्रद्धालुओं की आमद रही।

शेष नौ दिनों में यह संख्या करीब 80 लाख तक पहुंचने का अनुमान है, जो प्रारंभिक आकलन के अनुरूप है।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए निर्धारित एसओपी के तहत खोज एवं सहायता केंद्र, मेडिकल हेल्प काउंटर, ग्लूकोज व पेयजल वितरण, शिशु कक्ष और फीडिंग रूम समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

श्रद्धालुओं से प्लास्टिक पात्र न लाने और खाली पेट कतार में न लगने की अपील की गई है।इस बार श्रावण में अधिकतम प्रतीक्षा समय करीब 25 से 30 मिनट रहा। श्रद्धालुओं से सोशल मीडिया पर मिल रहे फीडबैक में भी व्यवस्थाओं और दर्शन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग, वृद्ध या अन्य श्रद्धालुओं को सामान्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए, संभव होने पर दर्शन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी एसओपी के तहत श्रावण मास को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

A
AIR Lucknow

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।