श्री नारायण मिशन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी जगतगुरु श्री नारायण गुरु की 172वीं जयंती

धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिनभर हुए विभिन्न आयोजन
भोपाल, 28 अगस्त 2026। श्री नारायण मिशन, भोपाल द्वारा शुक्रवार को श्री नारायण नगर, गोविंदपुरा स्थित श्री नारायण गुरु मंदिर में जगतगुरु श्री नारायण गुरु की 172वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
जयंती समारोह के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रातःकाल से देर रात तक 850 से अधिक श्रद्धालुओं, भक्तों और परिवारों ने समारोह में सहभागिता की। समारोह की शुरुआत सुबह 5:30 बजे गणपति होमम से हुई। इसके बाद अभिषेकम एवं शारदा पुष्पांजलि का आयोजन किया गया।
मिशन के अध्यक्ष श्री प्रकाशन एस. ने ध्वजारोहण किया। गुरु कीर्तन पारायणम, पारंपरिक दीप प्रज्वलन और पुष्प स्वागत के बाद अध्यक्ष ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत किया।
‘एक जाति, एक धर्म, एक ईश्वर’ के संदेश की प्रासंगिकता पर प्रकाश
समारोह के मुख्य अतिथि श्री बिजू पुलिक्कलेदथु (केरल) ने आध्यात्मिक प्रवचन में जगतगुरु श्री नारायण गुरु के जीवन, उनके बाल्यकाल तथा समाज सुधार के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने गुरु के विचारों और शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “एक जाति, एक धर्म, एक ईश्वर” का उनका संदेश आज भी मानव समाज के लिए प्रासंगिक और मार्गदर्शक है।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
दोपहर के सत्र में वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष शिक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसके बाद मिशन के कोषाध्यक्ष श्री सुनील कृष्णन ने आभार व्यक्त किया। समारोह में शामिल श्रद्धालुओं के लिए चथाया सद्या (महाभोज) का भी आयोजन किया गया।
यूथ विंग की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सायंकालीन कार्यक्रम श्री नारायण मिशन के यूथ विंग के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें पारंपरिक रंगोली (अथापूव/पूक्कलम) प्रतियोगिता सहित संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम के दौरान राजा महाबली का पारंपरिक स्वागत भी किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे दिन मंदिर के पुजारी श्री संतोष सांथिकल ने पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए। कार्यक्रम के अंत में यूथ विंग के सचिव श्री सचिन सत्यशीलन ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में श्री नारायण मिशन की कार्यकारिणी समिति के महासचिव श्री राजू बी., उपाध्यक्ष श्रीमती शमला सोमन, यूथ विंग अध्यक्ष श्री गिरीश रविंद्रन, श्री बिनु यू., श्री शिजू के. सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समापन पर मिशन की कार्यकारिणी समिति ने समारोह में शामिल सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मिशन पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से जयंती समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।