भोपाल

श्री नारायण संदेश परिषद, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा जगतगुरु श्री नारायण गुरुदेवन की 172वीं तिरु जयंती श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 29 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
श्री नारायण संदेश परिषद, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा जगतगुरु श्री नारायण गुरुदेवन की 172वीं तिरु जयंती श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई

भोपाल, 29 अगस्त 2026। श्री नारायण संदेश परिषद, मध्यप्रदेश, भोपाल एक सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1981 में हुई थी। परिषद मध्यप्रदेश शासन के फर्म्स एंड सोसायटीज एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत है।

संस्था का प्रमुख उद्देश्य युगद्रष्टा संत एवं दार्शनिक जगतगुरु श्री नारायण गुरु के महान विचारों, शिक्षाओं एवं सामाजिक दर्शन का प्रचार-प्रसार करना है।

इसी उद्देश्य के तहत परिषद द्वारा जगतगुरु श्री नारायण गुरुदेवन की 172वीं तिरु जयंती के अवसर पर दिनांक 21 से 28 अगस्त 2026 तक श्री नारायण गुरु मंदिर, कान्हा कुंज कॉलोनी, कोलार रोड, भोपाल में सप्ताहव्यापी धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सप्ताहभर चले इन समारोहों के दौरान नियमित रूप से गुरु कीर्तन पारायणम् का आयोजन किया गया। इसके साथ ही भोपाल के प्रख्यात वक्ताओं श्री एम.वी. पुरुषोत्तमन एवं श्री पी.टी. दिनेशन द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन प्रस्तुत किए गए।

इन प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्री नारायण गुरु के जीवन, दर्शन एवं मानव कल्याण के संदेश से अवगत कराया गया। जयंती समारोह के दौरान परिषद के भजन समूह द्वारा परिषद के चयनित वरिष्ठ सदस्यों के निवास पर जाकर भावना प्रार्थना का आयोजन भी किया गया।

इस पहल के माध्यम से वरिष्ठ सदस्यों के साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित करते हुए सामूहिक प्रार्थना एवं भक्ति का वातावरण निर्मित किया गया। 28 अगस्त 2026 को तिरु जयंती के मुख्य अवसर पर विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। परिषद की महिला शाखा द्वारा पारंपरिक तिरुवातिरा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

इसके अतिरिक्त केरल के इडुक्की से आए प्रख्यात आध्यात्मिक वक्ता श्री बिजू पुलिक्कलेदथु ने आध्यात्मिक प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्री नारायण गुरु के विचारों एवं आदर्शों से परिचित कराया। समारोह का समापन श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक केरल शैली के स्वादिष्ट चथया सद्या के आयोजन के साथ हुआ।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारजनों ने इसमें सहभागिता की। श्री नारायण संदेश परिषद के अध्यक्ष श्री पी. सुभाष ने बताया कि सप्ताहभर चले जयंती समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और पूरे सप्ताह श्री नारायण गुरु के विचारों एवं आध्यात्मिक संदेश से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।