श्रीलंका में चमकी कानपुर की प्रियांशी:भारत को जिताया टी-20 डेफ सीरीज का खिताब, 4 मैचों में झटके 6 विकेट
श्रीलंका की धरती पर कानपुर की बेटी प्रियांशी दीक्षित ने अपनी धारदार गेंदबाजी का लोहा मनवाते हुए देश और शहर का नाम रोशन कर दिया है। भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 डेफ सीरीज 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप किया और ट्रॉफी अपने नाम की।
इस ऐतिहासिक जीत में कानपुर के यशोदा नगर (गोपाल नगर) की रहने वाली 20 वर्षीया प्रियांशी ने बेहद अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका के मैदान पर गेंदबाजी से ढहाया कहर श्रीलंका के डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई इस सीरीज में भारत और श्रीलंका की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला था।
भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और एक भी मैच गंवाए बिना सीरीज जीती। प्रियांशी ने टूर्नामेंट के 4 मुकाबलों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल 6 विकेट चटकाए और विरोधी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।
पढ़ाई के साथ क्रिकेट के मैदान पर गाड़े झंडे नौबस्ता स्थित गौतम बुद्ध महाविद्यालय (सिद्धार्थ नगर) में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियांशी पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट के मैदान पर भी लगातार अपनी प्रतिभा निखार रही हैं।
प्रियांशी का भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में चयन हुआ और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मौका मिलते ही उन्होंने अपनी गेंदबाजी से इसे यादगार बना दिया। महज 20 साल की उम्र में देश के लिए ट्रॉफी जीतना उनकी प्रतिभा को दर्शाता है।
डीएम ने क्रिकेट किट देकर बढ़ाया हौसला सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने प्रियांशी को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने प्रियांशी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें नई क्रिकेट किट भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डीएम ने कहा कि प्रियांशी की यह उपलब्धि पूरे कानपुर के लिए गर्व का विषय है।
उनकी सफलता शहर के अन्य युवाओं, खासकर बेटियों को हर तरह की चुनौतियों से पार पाकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
📡 स्रोत: NewsData.io