श्रीमती बिलाश टांटी शर्मा के अंगदान से तीन लोगों को मिला जीवन का अनमोल उपहार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि श्रीमती बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) के एम्स, भोपाल में अंगदान से तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला है। उल्लेखनीय है कि नर्मदापुरम जिले में बनखेड़ी के ग्राम खापा खुर्द निवासी श्रीमती शर्मा सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुईं थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि असहनीय दुःख की घड़ी में उनके परिजन ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की ऐसी मिसाल पेश की, जो सभी को प्रेरित करेगी। राज्य शासन के निर्णय अनुसार श्रीमती शिवानी के पैतृक गांव में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह पहल दर्शाती है कि अंगदान के प्रति जागरूकता अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है। श्रीमती शिवानी का यह महादान तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद बनकर आया है। उनका योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।