खेल

श्रीनगर में भोपाल का डंका: MTFC 50+ में चैंपियन, 40+ में उपविजेता; मयूर हॉस्पिटल के इमरान अहमद भी टीम का हिस्सा

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
श्रीनगर में भोपाल का डंका: MTFC 50+ में चैंपियन, 40+ में उपविजेता; मयूर हॉस्पिटल के इमरान अहमद भी टीम का हिस्सा

पहली मास्टर्स कप हॉकी प्रतियोगिता में एमटीएफसी भोपाल का शानदार प्रदर्शन, फाइनल में पंजाब को 4-1 से हराकर 50+ वर्ग का खिताब जीता

भोपाल। श्रीनगर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड एस्ट्रोटर्फ पर आयोजित पहली मास्टर्स कप हॉकी प्रतियोगिता 2026 में एमटीएफसी भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50+ वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि 40+ वर्ग में टीम उपविजेता रही। टीम की इस उपलब्धि में मयूर हॉस्पिटल के इमरान अहमद ने भी भागीदारी की।

कश्मीर हॉकी एकेडमी फाउंडेशन, श्रीनगर द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से मास्टर्स वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 50+ वर्ग के फाइनल में एमटीएफसी भोपाल ने पंजाब को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

फाइनल मुकाबले में भोपाल के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अल्ताफ उर रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उनके प्रदर्शन की मैदान में मौजूद खेलप्रेमियों ने सराहना की। टीम की ओर से अमजद खान और मेराज उद्दीन ने भी एक-एक गोल किया। टीम की कप्तानी असद कमाल ने की, जबकि मुजीब ने मैनेजर की भूमिका निभाई।

वहीं 40+ वर्ग का फाइनल भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक एमटीएफसी भोपाल और माझा क्लब पंजाब की टीमें 1-1 से बराबरी पर रहीं। भोपाल की ओर से मोहम्मद आरिफ ने गोल किया। इसके बाद हुए शूटआउट में एमटीएफसी भोपाल को 4-3 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन के बाद भोपाल के खेलप्रेमियों में उत्साह है। 50+ वर्ग में चैंपियन बनने और 40+ वर्ग में उपविजेता रहने वाली एमटीएफसी भोपाल की टीम के भोपाल लौटने पर स्वागत की तैयारी की जा रही है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।