व्यापार

सी एंड डी वेस्ट पर नगर निगम सख्त:सड़क पर मलबा डालने वालों पर होगी कार्रवाई, 450 रुपये में निस्तारण

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सी एंड डी वेस्ट पर नगर निगम सख्त:सड़क पर मलबा डालने वालों पर होगी कार्रवाई, 450 रुपये में निस्तारण

गाजियाबाद नगर निगम ने निर्माण एवं विध्वंस सामग्री (सी एंड डी वेस्ट) के निस्तारण को लेकर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की सड़कों और निर्माण स्थलों पर सी एंड डी वेस्ट दिखाई नहीं देना चाहिए।

उन्होंने निर्माण एवं संपत्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस दौरान, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सी एंड डी वेस्ट की निगरानी बढ़ाने और अवैध रूप से निर्माण सामग्री बेचने या सड़क किनारे डालने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम घरों और प्रतिष्ठानों से सी एंड डी वेस्ट हटाने की सुविधा भी प्रदान कर रहा है। निगम की कार्यदायी संस्था 450 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से इस सामग्री का निस्तारण करती है। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को इस व्यवस्था में तेजी लाने और अधिक से अधिक लोगों को निगम की इस सुविधा से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के दौरान, संपत्ति विभाग की टीम ने निगम के सी एंड डी वेस्ट प्लांट और विभिन्न कलेक्शन प्वाइंट्स के बारे में जानकारी दी। निर्माण विभाग की टीम ने सभी जोन में सी एंड डी वेस्ट कलेक्शन बढ़ाने के लिए की जा रही कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कलेक्शन प्वाइंट्स और निगम की निस्तारण व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार कार्यस्थल से सी एंड डी वेस्ट हटाने में देरी न करें।

सड़कों पर निर्माण सामग्री और मलबा डालने से वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्माण एवं विध्वंस सामग्री को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर न डालें।

इसके निस्तारण के लिए नगर निगम की टीम से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।