सीधी- पक्के मकान से मिली सुरक्षा, सम्मान और सुकून, जनकल्याणकारी योजनाओं से जीवन हुआ आसान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सीधी। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रामकली सेन को 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्हें अपना पक्का मकान बनाने में मदद मिली। वह बताती हैं कि पहले उनका घर काफी जर्जर स्थिति में था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था और घर में कीड़े-मकौड़ों के आने की चिंता बनी रहती थी। हर बारिश के साथ घर की सुरक्षा को लेकर डर लगा रहता था।
आज प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बने नए घर में रहने के बाद रामकली सेन को इन परेशानियों से राहत मिली है। अब उनके पास अपना सुरक्षित और पक्का घर है, जहां वह सुकून से रह सकती हैं। पक्के मकान ने उन्हें न केवल मौसम की मार से सुरक्षा दी है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान का एहसास भी कराया है।
रामकली सेन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। उन्हें खाद्यान्न, विधवा पेंशन और आयुष्मान योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक और सामाजिक संबल मिला है तथा कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन करना आसान हुआ है।
रामकली सेन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि पक्का घर मिलने से उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ है। उनके लिए यह मकान केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और सुरक्षित भविष्य का आधार है।