देश

सीधी- समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सीधी- समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत अगला जिलास्तरीय शिविर 05 सितम्बर को मझौली में आयोजित किया जाएगा। शिविर के लिए सीएम हेल्पलाइन से 46 शिकायतों को चिन्हित किया गया है। शिविर स्थल पर संबंधित शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सभी निर्माण एजेंसियों को अपनी संरचनाओं की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सड़क, पुल-पुलिया, बांध, स्टॉप डैम, चेक डैम सहित अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति का सतत निरीक्षण करने तथा कहीं भी क्षति या खतरे की स्थिति पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया।

कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, छात्रावासों पर विशेष ध्यान देने तथा राहत प्रकरणों का समय पर निराकरण कर प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गर्भवती महिलाओं को उनकी संभावित प्रसव तिथि के पूर्व आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती कराया जाए, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी अधिकारी अपने मुख्यालय पर उपलब्ध रहते हुए सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।