सीधी- विधायक रीती पाठक ने किया राखी मेले का शुभारंभ

शुभारंभ अवसर पर विधायक रीती पाठक ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए उनके उत्पादों, उत्पादन प्रक्रिया और बाजार की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
विधायक रीती पाठक ने कहा कि स्थानीय उत्पाद किसी क्षेत्र की पहचान और वहां के लोगों के हुनर का प्रतिनिधित्व करते हैं। सीधी की ग्रामीण महिलाओं ने अपनी मेहनत और कौशल से ऐसे उत्पाद तैयार किए हैं, जिन्हें बेहतर बाजार मिलने पर वे बड़े स्तर पर अपनी आजीविका का माध्यम बना सकती हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी केवल एक वस्तु खरीदना नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिला स्व-सहायता समूहों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिलता है।
इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है, नए बाजार विकसित होते हैं और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं मजबूत होती हैं। विधायक ने आमजन से राखी मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने तथा महिला समूहों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार विविध उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां मिलेट्स उत्पाद, महुआ उत्पाद, देशी अरहर दाल, बांस एवं जूट उत्पाद, हैंडलूम सामग्री, अचार, मूर्तियां, पंजा दरी, दोना-पत्तल और एलईडी बल्ब सहित अनेक स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर तैयार महुआ लड्डू और महुआ कुकीज विशेष रूप से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इन उत्पादों के माध्यम से जिले की स्थानीय उपज और पारंपरिक कौशल को नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आजीविका मिशन द्वारा आमजन से 25 अगस्त तक मानस भवन में आयोजित राखी मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की गई है। राखी के पर्व पर आयोजित यह मेला महिला समूहों के हुनर, स्थानीय उत्पादों की पहचान और आत्मनिर्भर सीधी के संकल्प को एक साथ मजबूत करने का अवसर प्रदान कर रहा है।