सीएमओ के निरीक्षण में 3 स्वास्थ्यकर्मी मिले गैरहाजिर:भदोही में 7 दिन का वेतन रोका, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
भदोही में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष चक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कटरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने तीनों का सात दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लैब टेक्नीशियन अमरजीत, एएनएम संगीता और सीएचओ पंकज ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। तीनों कर्मचारी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अपने तैनाती स्थल पर मौजूद नहीं थे। इस पर सीएमओ ने कार्रवाई करते हुए सात दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया। पीएचसी सेमराध में सभी कर्मचारी मिले उपस्थित इसके बाद सीएमओ डॉ.
संतोष चक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमराध का भी निरीक्षण किया। यहां सभी स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को शासन की मंशा के अनुरूप जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचें और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के निर्देश डॉ. चक ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सभी कर्मचारी समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ड्यूटी के दौरान लापरवाही या अनुपस्थिति मिलने पर संबंधित स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io