राज्य

सीहोर: बुधनी विकासखंड की पांच राशन दुकानों में गंभीर अनियमितताएं उजागर, सहायक आपूर्ति अधिकारी ने की जांच

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सीहोर: बुधनी विकासखंड की पांच राशन दुकानों में गंभीर अनियमितताएं उजागर, सहायक आपूर्ति अधिकारी ने की जांच

कम स्टॉक, समय पर दुकान न खुलने और बायोमेट्रिक के बावजूद राशन न मिलने की शिकायत पर प्रकरण दर्ज सीहोर।

बुधनी एसडीएम संजीव नागू के निर्देश पर बुधनी विकासखंड की ग्राम पंचायत खेरीसिलगेना, नांनमेट, रतनपुर, खिड़ियाकुर्मी एवं चिकल्ली में राशन वितरण में व्यापक अनियमितता की शिकायत मिलने पर सहायक आपूर्ति अधिकारी पिंकी शाक्य द्वारा औचक जांच की गई।

जांच के दौरान दुकानों पर मौजूद हितग्राहियों ने गंभीर शिकायतें दर्ज कराते हुए बताया कि राशन वितरण में अनियमितता बरती जा रही है, दुकानें समय पर नहीं खुलती हैं और पीओएस मशीन में बायोमेट्रिक थंब लगवाने के बाद भी उन्हें निर्धारित राशन सामग्री नहीं दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान मौके पर खाद्यान्न स्टॉक में भी भारी अंतर पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए जांच अधिकारी द्वारा उचित मूल्य दुकान खेरीसिलगेना, नांनमेट, रतनपुर, खिड़ियाकुर्मी एवं चिकल्ली के विरुद्ध औपचारिक प्रकरण दर्ज किया गया।

संबंधित समिति प्रबंधकों, समूह अध्यक्षों और दुकान विक्रेताओं द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 की विभिन्न कंडिकाओं का स्पष्ट उल्लंघन किए जाने पर सभी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

एसडीएम ने दो टूक कहा है कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।