राज्य

सीहोर: जिला शिक्षा अधिकारी ने किया शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण, बंद मिली प्राथमिक शाला और छात्रविहीन हाई स्कूल पर नोटिस जारी

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सीहोर: जिला शिक्षा अधिकारी ने किया शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण, बंद मिली प्राथमिक शाला और छात्रविहीन हाई स्कूल पर नोटिस जारी

लापरवाही मिलने पर प्रधानाध्यापक और प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र, व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश सीहोर। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री शीलू शर्मा ने 27 अगस्त को जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोपहर 2:45 बजे प्राथमिक शाला जाजनखेड़ी पूरी तरह बंद पाई गई।

विद्यालय के समय पर बंद मिलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित प्रधानाध्यापक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

इसी क्रम में अधिकारी ने हाई स्कूल खजुरियाकला का भी निरीक्षण किया, जहाँ जाँच के समय विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला और शाला की शैक्षणिक व अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारु रूप से संचालित होती नहीं पाई गईं। इस भारी लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित प्राचार्य को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और संस्थाओं का सुचारु संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि इस तरह की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।