सीहोर: कलेक्टर बालागुरू के. ने की झंडा दिवस निधि में दान देने की अपील, सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए मांगा सहयोग

शहीद और दिव्यांग सैनिकों के आश्रितों के पुनर्वास में मददगार बनेगा योगदान, राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता जताने का उत्तम अवसर सीहोर। देश की रक्षा करते हुए शहीद और दिव्यांग हुए सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
कलेक्टर बालागुरू के. ने इस पुनीत कार्य के लिए जिले के सभी अधिकारियों और नागरिकों से झंडा दिवस निधि में अधिक से अधिक स्वेच्छा से दान करने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि भारतीय सेना के तीनों अंग देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदा के समय नागरिकों की सुरक्षा में हमेशा मुस्तैद रहते हैं।
कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों के बलिदान के प्रति पूरा राष्ट्र कृतज्ञ है। झंडा दिवस सशस्त्र सेनाओं के आश्रितों के कल्याण और पुनर्वास के लिए उदारतापूर्वक योगदान देने तथा उनके प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर है।
इस निधि का उपयोग शहीद सैनिकों की विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए किया जाता है, जिससे सैनिकों को यह विश्वास मिल सके कि पूरा देश उनके परिवारों के साथ खड़ा है।