राज्य

सीहोर : समय-सीमा वाले प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें -कलेक्टर

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सीहोर : समय-सीमा वाले प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें -कलेक्टर

समय-सीमा वाले प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें -कलेक्टर

आमजन की शिकायतों का निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, किसी भी शिकायत को लंबित न रखें - कलेक्टर

भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण की कार्यवाही में तेजी लाएं - कलेक्टर

श्रमिकों का प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराएं - कलेक्टर

कलेक्टर की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित

सीहोर : कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित सभी समय-सीमा वाले पत्रों एवं शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए।

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निराकरण के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई न की जाए, बल्कि संबंधित हितग्राही से संवाद कर उसकी समस्या को पूरी तरह समझा जाए। शिकायत की वास्तविक स्थिति जानने के बाद ही उसका उचित और स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और समाधान की जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे वास्तविक राहत मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी जनसेवक हैं तथा जनसेवक का प्रमुख दायित्व आमजन की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण करना है। शासन की योजनाओं का लाभ और विभिन्न सेवाएं पात्र एवं जरूरतमंद प्रत्येक व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन के प्रति जवाबदेह और सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बैठक में विभिन्न विभागों एवं विकास परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन तथा मुआवजा वितरण की कार्यवाही तत्परता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-अर्जन और मुआवजा वितरण से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यक भूमि उपलब्ध होने के साथ ही विकास एवं निर्माण परियोजनाओं का कार्य समय पर प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में खाद वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद की उपलब्धता एवं वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। खाद वितरण की व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए गांवों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। कैंपों के माध्यम से किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी देने के साथ ही लंबित कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने बैठक में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का योजना के तहत पंजीयन कराया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को योजना के लाभ एवं पात्रता की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पंजीयन के लिये प्रेरित किया जाए, ताकि पात्र श्रमिक सामाजिक सुरक्षा से जुड़ सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को मैदानी स्तर पर अभियान चलाकर अधिक से अधिक श्रमिकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आगामी कुबेरेश्वर धाम कांवड़ यात्रा के संबंध में भी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारू बनी रहें। उन्होंने कुबेरेश्वर धाम समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती किरण बरबड़े, श्री प्रेमसिंह गोंड़, श्री गिरिराज परिहार सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।