अपराध

सिमगा में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस खड़े ट्रक से टकराई; 5 की मौत, 8 से 10 घायल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सिमगा में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस खड़े ट्रक से टकराई; 5 की मौत, 8 से 10 घायल

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में ग्राम दरचुरा के पास बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में अब तक पांच यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बस में कुल 22 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम दरचुरा के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। सड़क पर खराब होने के कारण एक ट्रक खड़ा था, जिसके पीछे सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाए गए थे। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर जा रही बस क्रमांक CG04 NM 0859 ट्रक से टकरा गई।

हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों ने रायपुर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे घायलों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया और सिमगा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

डॉ. राजेश अवस्थी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बलौदाबाजार

मयंक रणसिंग, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP), भाटापारा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।