देश

सिंगापुर: भारत-सिंगापुर के बीच आज चौथी मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सिंगापुर: भारत-सिंगापुर के बीच आज चौथी मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक

अगस्त 20, नई दिल्ली: भारत और सिंगापुर के बीच चौथी मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (ISMR) आज सिंगापुर में आयोजित होगी। बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों की प्रगति की समीक्षा के साथ व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के नए अवसरों पर चर्चा होगी।

वर्ष 2022 में स्थापित ISMR भारत-सिंगापुर के बीच आर्थिक सहयोग का प्रमुख उच्चस्तरीय मंच है। इसके तहत उन्नत विनिर्माण, कनेक्टिविटी, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विचार किया जाता है।

चौथी बैठक में इन क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के साथ भविष्य में सहयोग का दायरा बढ़ाने पर चर्चा होगी। दोनों देश बदलती वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच निवेश, तकनीक और व्यापार के नए अवसर तलाशेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भारतीय मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद शामिल हैं। ISMR के साथ भारत-सिंगापुर व्यापार गोलमेज बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी नेता भाग लेंगे।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए जाने की उम्मीद है। बैठक का उद्देश्य भारत-सिंगापुर आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई देना और तकनीक, विनिर्माण, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य एवं कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है। फ़ाइल फ़ोटो

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।