सिंगरौली में युवक ने जंगल में फांसी लगाई:घर से 500 मीटर दूर मिला शव, मौत की वजह अज्ञात
सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र की निवास चौकी अंतर्गत बंजारी गांव के जंगल में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान बंजारी निवासी शिवम बैगा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक अपने घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल की ओर गया था। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद निवास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास भेज दिया गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने पुलिस को अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं दी है।
हालांकि, परिजनों ने शव की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। परिजनों के मुताबिक, शव के दोनों पैर मुड़े हुए थे, जिससे वे घटना की परिस्थितियों को लेकर आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे थाना प्रभारी प्रहलाद मस्कुले ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजन आत्महत्या के पीछे की वजह नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io