सिंहस्थ-2028 होगा भव्य और दिव्य, CM मोहन यादव बोले- महाकाल की कृपा से बनेगा ऐतिहासिक आयोजन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 का आयोजन भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक होगा। सिंहस्थ के मद्देनजर उज्जैन में किए जा रहे विकास कार्यों से महापर्व से पहले शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल के दायित्व ग्रहण समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में संत-महात्माओं के मार्गदर्शन के साथ शासन, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।
डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा एवं सेवा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने किसानों और स्थानीय नागरिकों से भी सिंहस्थ की तैयारियों में सहयोग की अपील की। जिन किसानों के पास भूमि उपलब्ध है, वे स्कूल, अस्पताल और हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित कर सकते हैं, इसमें सरकार सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की पहचान और गौरव सनातन परंपरा से जुड़ा है। सिंहस्थ की तैयारियों में विभिन्न वर्गों और धर्मों के लोगों द्वारा जमीन उपलब्ध कराकर सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने आने वाले समय में उज्जैन के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की बात भी कही।
इस अवसर पर संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों ने भी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की सराहना की। वहीं सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने दायित्व का ग्रहण किया।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ उज्जैन में विकास कार्यों को गति देने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस है।