राज्य

सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, CM मोहन यादव ने पैतृक मकान से सड़क चौड़ीकरण की शुरुआत की

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, CM मोहन यादव ने पैतृक मकान से सड़क चौड़ीकरण की शुरुआत की

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम तेज हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सार्वजनिक हित में उदाहरण पेश करते हुए अपने पैतृक मकान से सड़क चौड़ीकरण की शुरुआत की। मुख्यमंत्री अपने पैतृक घर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद खुद गैंती चलाकर मकान का हिस्सा हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस घर में उनका जन्म हुआ और जहां बचपन बीता, उसे हटाना भावुक करने वाला है। लेकिन सिंहस्थ के लिए जरूरी होने पर सार्वजनिक हित में यह कदम उठाना आवश्यक है। डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन के लोगों ने भी शहर के विकास और जनसुविधाओं के लिए अपने मकानों को पीछे किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उदाहरण प्रस्तुत करना जरूरी है।

दरअसल, खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 9 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण को यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पीएम ई-बस और उज्जैन दर्शन सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल लोक के अन्नक्षेत्र पार्किंग परिसर से पीएम ई-बस और उज्जैन दर्शन सेवा का भी शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बस में सफर कर सेवा का अनुभव लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में बुनियादी सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।