3-0 से सीरीज जीतने के बाद भारतीय कप्तान ने अभिषेक की जमकर तारीफ की, कहा- हर एक शॉट आंखों को सुकून देने वाला रहा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला इंडिया ने 127 रन से जीत लिया है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। सीरीज जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस की रणनीति और साथी खिलाड़ियों के खेल पर खुलकर बात की।
पहले बल्लेबाजी मिलने के बारे में जब श्रेयस अय्यर से पूछा गया तो मुस्कराते हुए उन्होंने कहा 'ईमानदारी से कहूं तो मुझे मालूम था कि आज हमें पहले बल्लेबाजी ही करनी होगी। मेरी अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान से छोटी सी बातचीत हुई थी, वे शुरुआती दो मैचों में भी पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे।
इसलिए मेरे दिमाग में यह तस्वीर साफ थी कि हम बल्लेबाजी करने जा रहे हैं। हमें बहुत ही शानदार शुरुआत मिली और बीच के ओवरों में रन बनाकर बोर्ड पर 220 से अधिक रन टांगना वाकई सराहनीय रहा।' अभिषेक शर्मा पर बोलते हुए उन्होंन कहा 'यह विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं था, लेकिन अभिषेक ने जिस तरह से आज बल्लेबाजी की, वह बिल्कुल बेदाग थी।
उन्हें मैदान पर इस अंदाज में शॉट खेलते देखना आंखों को सुकून देने वाला था।' अभिषेक शर्मा ने 34 गेंदों में 108 रनों की शतकीय पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 11 छक्के निकले। तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने विपक्षी टीम को 3-0 से हरा दिया। टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज एक अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए।
इब्राहिम जादरान ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए, अजमतुल्लाह उमरजई ने 13 गेंदों में 17 रन, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 11 गेंदों में 15 रन की पारी खेली। इसके अलावां कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
📡 स्रोत: NewsData.io