सीतापुर में बारिश से पोस्टमार्टम हाउस सड़क बही:डीएम के निर्देश पर मरम्मत शुरू, 315 मीटर वैकल्पिक मार्ग भी बनेगा
सीतापुर में गुरुवार को हुई भारी बारिश ने पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की हालत बिगाड़ दी थी। भारी वर्षा के कारण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्मित पोस्टमार्टम हाउस संपर्क मार्ग की पुलिया बह गई, जबकि करीब 30 मीटर लंबाई में सड़क कटकर क्षतिग्रस्त हो गई थी।
मार्ग कटने से पोस्टमार्टम हाउस तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। हालात यह रहे कि शवों को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने और वहां से ले जाने के लिए परिजनों व कर्मचारियों को स्ट्रेचर के सहारे खेतों से होकर गुजरना पड़ा।
मामले की जानकारी मिलने पर डीएम राजा गणपति आर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद शुक्रवार को जिला पंचायत और संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू करा दिया।
जिला पंचायत की ओर से अस्थाई पुलिया का निर्माण कराने के साथ सड़क के कटे हुए हिस्से को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार 27 अगस्त 2026 को हुई भारी बारिश के कारण पोस्टमार्टम हाउस संपर्क मार्ग की पुलिया बहने और करीब 30 मीटर सड़क कट जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद डीएम के निर्देश पर जिला पंचायत ने तत्काल प्रभाव से अस्थाई पुलिया निर्माण और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया। अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत का कार्य शुक्रवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस तक वाहनों का आवागमन दोबारा सुचारु होने की उम्मीद है।
भविष्य में बारिश या किसी अन्य विपरीत परिस्थिति में आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए भी प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। जिला पंचायत द्वारा आगामी तीन दिनों में करीब 315 मीटर लंबाई में अतिरिक्त खड़ंजा निर्माण कराया जाएगा।
इससे पोस्टमार्टम हाउस तक वाहनों की आवाजाही सुगम बनाए रखने और आपात स्थिति में लोगों को परेशानी से बचाने में मदद मिलेगी। मार्ग की मरम्मत शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और पोस्टमार्टम हाउस आने-जाने वाले लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।
📡 स्रोत: NewsData.io